भोजपुरी में बोलेगा स्पाइडरमैन-3 का हीरो · May 13, 11:26 AM

अपनी दोनों सीरीज से हर जगह धूम मचा चुकी फिल्म स्पाइडरमैन अब अपने तीसरे पार्ट ‘स्पाइडरमैन 3’ के साथ लोगों के सामने है। खास बात यह है कि अब यह फिल्म न केवल हिंदी और इंग्लिश दर्शकों को बल्कि भोजपुरी ऑडियंस को भी अपना दीवाना बनाएगी। इसका लीड हीरो भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार रवि किशन की आवाज में बोलेगा।

Spiderman

रवि ने कहा कि भोजपुरी मेरी जुबान है और भोजपुरी में काम करना मेरे लिए कोई कठिन काम नहीं है। इस फिल्म की डबिंग के लिए अपने व्यस्त कार्यक्रम में से वह केवल सात दिन निकाल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने किसी भी किरदार को अपनी आवाज नहीं दी है। स्पाइडर मैन जैसी फिल्म से जुड़ने पर रवि ने गहरी खुशी जाहिर करते हुए कहा है कि मैं अपने प्रशंसकों की खातिर यह काम कर रहा हूं। आजकल रवि किशन सुपरहिट फिल्म शोले के भोजपुरी संस्करण में गब्बर सिंह की भूमिका निभाने में व्यस्त हैं।

इससे पहले हॉलिवुड की फिल्म दि इनक्रेडिबल्स को भोजपुरी में डब किया गया था, जिसमें सुपरस्टार शाहरुख खान की आवाज का इस्तेमाल किया गया था। रवि ने कहा कि शायद स्पाइडरमैन में अपनी आवाज देकर मैं भोजपुरी दर्शकों का और चहेता बन जाऊं। उन्होंने कहा कि यह मेरे बेटे को मेरी तरफ से तोहफा होगी। गर्मी की छुट्टी के दिनों में बच्चे इस फिल्म का भरपूर लुत्फ उठा पाएंगे।

— Sri

---

Commenting is closed for this article.